बुलंदशहर के ककोड़ कोतवाली के गांव में घर के अंदर बरामदे में परिजनों के साथ सो रही नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर के बाहर खड़ी कैंटर गाड़ी के पीछे दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने किशोरी को घटना के बारे में किसी को बताने पर तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी।
किशोरी के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस ने आरोपी रिजवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि मंगलवार रात वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर बरामदे में सोया हुआ था।
रात करीब पौने एक बजे गांव निवासी युवक उसकी किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर उठा ले गया और घर के सामने खड़े कैंटर के पीछे घटना को अंजाम दिया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूसकर तेजाब से चेहरा बिगाड़ने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद किशोरी का भाई आंख खुलने पर उसे ढूंढते हुए बाहर आया तो किशोरी आरोपी के चंगुल में थी। शोर मचाने पर अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबौच लिया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी के परिजन आरोपी को छुड़ाकर ले गए और फरार कर दिया। क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद नम्रता श्रीवास्तव ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी रिजवान गिरफ्तार हो गया है।