नगर निगम चुनाव में होने वाले मतदान से ठीक एक दिन पहले शनिवार को स्वराज इंडिया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र ने अपने पुराने साथी रहे अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखी है।
चिट्ठी में केजरीवाल से कहा कि दो साल में पहली बार आपको चिट्ठी लिख रहा हूं। यह याद दिलाने की आप रामलीला मैदान से जिस रिकॉल व्यवस्था की मांग करते थे, उसे पूरा करने का समय आ गया है। अगर आप एमसीडी में बहुमत नहीं लाते है तो आपको अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। आगे लिखा अगर आप बहुमत लाने में सफल रहे तो मैं खुद अपनी पार्टी के साथ आपका समर्थन करूंगा।
योगेंद्र ने चिट्ठी में लिखा है कि प्रिय अरविंद दो साल पहले दिल्ली ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया था वो किसी नेता या पार्टी का नहीं बल्कि उसके पीछे हजारों वालंटियर की तपस्या थी। लोकपाल आंदोलन ने लाखों लोगों को भरोसा दिया। आज मैं उस भरोसे को टूटता हुआ देख रहा हूं। इसलिए दो साल में पहली बार आपसे संवाद कर रहा हूं। इसके जरिए आपको रामलीला मैदान में किए गए रिकॉल के वादे की याद दिला रहा हूं।
उन्होंने आगे लिखा कि चुनाव प्रचार के दौरान दिल्लीभर में गया। चारों तरफ कूड़े का ढेर हैं। गंदा पानी रुका हुआ है, बदबूदार और खतरनाक हवा है। सब जानते है कि इसके लिए दस साल से एमसीडी में रही बीजेपी का है फिर भी ऐसे बहुत वोटर हैं जिन्होंने 2015 में ऐतिहासिक बदलाव के लिए वोट दिया था, आज फिर वह बीजेपी के पास जा रहे हैं। मैं मानता हूं इसके लिए व्यक्तिगत रूप से आप (केजरीवाल) जिम्मेदार है।