यमुना का जल स्तर और बढ़ा
- फोटो : अमर उजाला
उस्मानपुर पुश्ते तक यमुना का जल पहुंच गया है। पुश्ते के गांवों को पानी ने चारों से घेर लिया है। दूसरा पुश्ता स्थित पल्ले गांव में मंगलवार सुबह बाढ़ का पानी आंशिक रूप से घुस गया। हालांकि लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा है।
बाढ़ के पानी में डूबी कारें
न्यू उस्मानपुर गांव के तीसरे पुश्ता पर पाइप लाईन के नीचे पहले से कई कारें खड़ीं थी। मंगलवार सुबह होते ही सभी कारें आधी से ज्यादा पानी में डूब गईं। इस बाबत कार मालिकों ने जैसे-तैसे करके कारों को पानी से बाहर निकाला।
शिविरों में खाने के लिए मारामारी
यमुना खादर क्षेत्र से राहत शिविरों में भोजन के लिए लोगों में मारामारी की स्थिति है। मंगलवार को शकरपुर ठोकर 10, 11 और 12 पर लोगों में भोजन को लेने के लिए धक्कामुक्की करते देखा गया।
यमुना बाजार इलाके में मंगलवार देर रात बाढ़ का पानी पहुंच गया। इसके चलते सैकड़ों परिवार परेशान हैं। इस बाबत लोगों ने अपने घरों के सामान को छतों पर चढ़ाकर बचाया।
लोहा पुल बंद फिर भी गुजर रहे यात्री
यमुना का जल स्तर खतरे के निशाने से ऊपर पहुंचने के कारण लोहा पुल को सड़क एवं रेल यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इस बीच मंगलवार को लोहा पुल पर रेलवे ट्रैक पर यात्री शास्त्री पार्क की ओर से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए।
यमुना को देखने वालों का भी तांता
यमुना में बढ़ते उफान को देखने के लिए दिल्ली के लोग दूर-दूर से कश्मीरी गेट और आईटीओ ब्रिज समेत अन्य इलाकों में पहुंचकर पानी से भरी यमुना का नजारा देख रहे हैं। हमेशा खाली दिखने वाली यमुना को उफान पर देखकर लोगों में खुशी है।