रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में खेतों में धान की रखवाली कर रहे किसान इस्माइल (55) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को कॉम्बिंग कर धर दबोचा। पुलिस ने मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान राजकुमार निवासी गेसूपुर भराना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, सचिन निवासी बझेड़ा, कपूरपुर, हापुड़, कमल और हरेन्द्र उर्फ हतेन्द्र निवासी गेसूपुर, सिकंदराबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की रॉड, दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिलें और चोरी के उपकरण (प्लास, पेचकस व कट्टे) बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात रुस्तमपुर गांव के जंगल में बदमाशों ने इस्माइल की लाठी-डंडों, चाकू और लोहे की रॉड से सिर व चेहरा कुचलकर निर्मम हत्या कर दी थी। मृतक के बेटे इसराइल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी, एसीपी और रबूपुरा कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और इलाके में दबिश देनी शुरू की।
एसीपी ग्रेटर नोएडा राजीव सिसोदिया ने बताया कि रविवार देर रात पुरानी मिर्जापुर रोड से रुस्तमपुर की तरफ जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-20 यीडा की तरफ से आ रही दो मोटरसाइकिलों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाश राजकुमार और सचिन ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा के लिए बदमाशो पर जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसमें आरोपी राजकुमार के दाहिने पैर और आरोपी सचिन के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा पुलिस टीम ने घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान चलाकर अन्य दो आरोपियों कमल और हरेन्द्र उर्फ हतेन्द्र को भी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।