यमुना प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा यीडा सिटी सेक्टर-32 में दस एकड़ एरिया में चिल्ड्रेन पार्क विकसित करने वाला है। इसी पार्क के आसपास 100 एकड़ के इलाके में टॉय सिटी भी बसाई जा रही है, ताकि पार्क में बच्चों के मनोरंजन के हर आधुनिक संसाधन मुहैया कराए जा सकें।
यह पार्क टॉय सिटी के उद्यमियों के लिए बतौर डिस्प्ले सेंटर के रूप में भी होगा। यमुना प्राधिकरण उद्यमियों के साथ-साथ अपने आवासीय आवंटियों को भी हर सुविधा देने की कोशिश कर रहा है जिससे यीडा सिटी में लोगों के बसने के बाद किसी तरह की कमी महसूस न हो।
इसके तहत यमुना प्राधिकरण ने 10 एकड़ में चिल्ड्रेन पार्क विकसित करने की तैयारी की है। यह पार्क सेक्टर-32 में बनेगा। चिल्ड्रेन पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए हर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
चिल्ड्रेन पार्क के लिए जमीन चिह्नित करने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्राधिकरण इसी सेक्टर में टॉय सिटी बसाने की तैयारी कर रहा है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में चिल्ड्रेन पार्क विकसित करेगा। यह पार्क यहां बसने वाले लोगों के लिए होगा। इसमें हर आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।