दिल्ली में कैब में युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी बृहस्पतिवार देर शाम तिहाड़ जेल पहुंच गया। वहां पहुंचते ही कैदियों ने शिव कुमार यादव की पिटाई कर दी। हालांकि, तिहाड़ प्रशासन ने मारपीट की घटना से इनकार किया है।
जेल सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 6:30 पर शिव कुमार तिहाड़ पहुंचा। वहां कुछ कैदियों ने जेल की ड्योढ़ी पर और फिर जेल नंबर एक पहुंचने पर उसकी पिटाई की। जेल पहुंचने के बाद जब उससे पूछा गया कि किस थाने से किस मामले में जेल में आए हो तो उसने अपने ऊपर लगे आरोप के बारे में बताया। इसके बाद कैदियों ने पहचान लिया और जमकर पीटा।
सूत्रों का कहना है कि जेल पहुंचने के बाद पहली सुबह नए कैदियों को चक्कर पर बुलाया जाता है, जहां उनसे दोबारा आरोप के बारे में जानकारी ली जाती है। इसके बाद यहां भी दुष्कर्म के आरोपी की पिटाई होती है। उसके बाद उसे शौचालय साफ करने से लेकर जेल में झाड़ू लगाने के काम में लगा दिया जाता है।