देश के सबसे बड़े ‘भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले’ का सोमवार को आगाज हुआ। प्रगति मैदान में आयोजित 14 दिवसीय व्यापार मेले का उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के सीएमडी एलसी गोयल समेत देश-विदेश के प्रतिनिधि मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने कहा कि ट्रेड फेयर तेजी से आकार ले रहे नए भारत का बड़ा आयोजन है। यह मेला देश के बेहतर कल के नजरिये को दिखाता है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ के तहत निवेशकों को निवेश का मौका मिलेगा।
प्रणब मुखर्जी ने डिजिटल इंडिया थीम के लिए बधाई दी। साथ ही कहा कि डिजिटल टेकभनोलॉजी, ई-कॉमर्स समेत मोबाइल आधारित सेवाएं ई-शासन का अहम हिस्सा हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था में तेजी से बढ़ोतरी होगी। साथ ही राष्ट्रपति ने सलाह दी कि हमें ऊर्जा के अक्षय स्रोतों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे हम भावी पीढ़ियों के लिए बेहतर कल छोड़ सकें।
ट्रेड फेयर में पहले पांच दिनों तक कारोबारी दर्शकों का प्रवेश रहेगा। इसके बाद यह मेला आम लोगों के लिए खुल जाएगा। वीकेंड पर मेला आम लोगों के लिए खुल रहा है। इससे शुरुआती दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सिसोदिया ने किया दिल्ली पवेलियन का उद्घाटन
दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली पवेलियन का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंत्री सत्येंद्र जैन व इमरान हुसैन भी मौजूद थे। तीनों मंत्रियों ने पूरे पवेलियन को देखा। मेले में स्वच्छ दिल्ली अभियान भी लॉन्च किया गया। अब दिल्लीवासी मोबाइल पर स्वच्छ दिल्ली एप से तस्वीरें भेज सकेंगे। इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए 7666400400 पर मिस्ड कॉल दी जा सकती है।