पश्चिमी विहार में पंजाबी गायक रंधावा के नाम पर चलने वाले जिम पर फायरिंग का मामला, पहले भी कई बार समझाया गया था, मजबूरन फायरिंग की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समझाने के बावजूद एक्टर सलमान खान के करीब हो रहा था.. इसलिए जिम पर फायरिंग करवाई गई है। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग का जिम्मा लेते हुए यह दावा किया है। बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर फायरिंग करवाई गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लारेंस बिश्नोई गैंग की ओर से पहले भी गुरु रंधावा को कई बार फोन पर व अन्य तरीके से धमकी दी गई और कहा गया था कि वह फिल्म अभिनेता सलमान खान से नजदीकी न बढ़ाए। बाहरी जिला पुलिस की टीमों के अलावा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व अपराध शाखा की टीमों को जांच में लगाया गया है। दोनों यूनिट की टीमों ने घटना स्थल का मौके पर जाकर मुआयना किया।
अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी ः
गुरु रंधावा के जिम में फायरिंग के जिम्मेदारी लेने वाले अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि गुरु रंधावा सलमान खान से नजदीकियां न बढ़ाने काे कहा था। आगे लिखा कि जीतने भी ये देशद्रोही हैं जो देश के खिलाफ साजिश रचते हैं, दुनिया के किसी भी कोने में छुप जाना, वहीं पे ही मारेंगे। साथ ही लिखा कि इसको हमने पहले भी समझाया था कि इससे दूर रहो, ये हमारा दुश्मन है। अप्रैल 2024 में इसी गैंग के गुर्गों ने सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की थी। गैंग उनके करीबी दोस्तों, सहयोगियों और बॉलीवुड के अन्य कलाकारों को लगातार धमकियां दे रहा है।
शहीदों को सलाम ः आरोपी अनिल पंडित ने पोस्ट के आखिर शहीदों को सलाम किया और फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हरि बॉक्सर, आरजू बिश्नोई, टाइसन बिश्नोई, शुभम लोंकर, हरमन संधू, अंकित सेरसा का लिया है।
कौन है बदमाश अनिल पंडित-
बदमाश अनिल पंडित, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा एक सक्रिय गैंगस्टर और शूटर है। यह गैंग मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों में ऑपरेट करता है और जबरन वसूली, गोलीबारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता है। अनिल पंडित का नाम इससे पहले भी दिल्ली-एनसीआर में व्यापारियों की हत्या और गोलीबारी की कई वारदातों में सामने आ चुका है।