विश्व लिवर दिवस के उपलक्ष्य में इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने स्वस्थ लिवर अभियान का शुभारंभ किया। उपराज्पयाल ने 15 दिवसीय स्वस्थ लिवर सोशल मीडिया अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर यह चार शब्द लाखों जिंदगियां बचाने की क्षमता रखते हैं। 90 फीसदी तक लिवर बीमारियों को रोका जा सकता है।
उन्होंने आईएलबीएस को देश में चिकित्सा पर्यटन का नोडल केंद्र बनाकर वैश्विक स्तर पर ले जाने की इच्छा भी व्यक्त की। उपराज्यपाल ने दिल्ली प्रशासन को लिवर स्वास्थ्य जांच को मजबूत करने के लिए कहा। साथ ही आईएलबीएस से दावत-ए-जिगर पहल के तहत लिवर के लिए फायदेमंद खाद्य पदार्थों के पेटेंट कराने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। इसके अलावा लिवर स्वास्थ्य पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने वाला देश का पहला शहर दिल्ली बनाने की अपनी आकांक्षा भी उपराज्यपाल ने व्यक्त की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लिवर जांच की मिलेगी सुविधा
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचे पहलवान संग्राम सिंह ने कहा कि शरीर कोई मशीन नहीं है जिसे आप उसकी सीमाओं तक धकेलते हैं। यह एक जीवित प्रणाली है जो देखभाल, आराम और सही पोषण पर प्रतिक्रिया करती है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लिवर स्क्रीनिंग को एकीकृत करने और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। लिवर की बीमारी अब दिल्ली की वयस्क आबादी के लगभग 40-50 फीसदी लोगों को प्रभावित कर रही है।
दस फीसदी आबादी की होगी लिवर स्क्रीनिंग
आईएलबीएस के चेयरपर्सन और दिल्ली सरकार में मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने कहा कि लिवर स्वास्थ्य को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्राथमिकता बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसमें अगले 12 महीनों में दिल्ली की 5-10 फीसदी आबादी की स्क्रीनिंग का लक्ष्य शामिल है। आईएलबीएस के निदेशक डॉ. शिव कुमार सरीन ने कहा कि आज की अच्छी आदतें कल का स्वस्थ लिवर हैं।
लिवर प्रत्यारोपण कराने वाले बच्चों को किया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत दावत-ए-जिगर प्रदर्शनी से हुई। उसमें पोषणयुक्त और वैज्ञानिक रूप से तैयार आहार को प्रदर्शित किया गया। साथ ही आम लोगों के लिए मुफ्त लिवर जांच और पोषण परामर्श शिविर भी आयोजित किया। इसके अलावा लिवर प्रत्यारोपण कराने वाले 12 बच्चों को उपराज्यपाल ने सम्मानित किया। साथ ही वाई-स्माइल पहले के तहत लिवर स्वास्थ्य को स्कूल स्तर तक ले जाने के प्रयासों को लेकर स्कूल प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया।