- बीएमएस ने 12 मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ भी हुआ शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। न्यूनतम पेंशन बढ़ाने, ईपीएफ-ईएसआई की वेतन सीमा बढ़ाने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने समेत 12 मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने सोमवार को जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। देशव्यापी आंदोलन के तहत हुए प्रदर्शन में मजदूर, कर्मचारी और पेंशनभोगी बैनर लेकर पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार से उनकी लंबित मांगों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
बीएमएस की प्रमुख मांग है कि ईपीएस 95 के तहत न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह की जाए। साथ ही इसे महंगाई भत्ते और आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाए। संगठन ने ईएसआई की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये और ईपीएफ की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पूरे वेतन पर बोनस देने और बोनस की गणना की सीमा बढ़ाने की भी मांग रखी। इसके अलावा ग्रेच्युटी की गणना 15 दिन के बजाय 30 दिन के वेतन के आधार पर करने, महंगाई के अनुसार न्यूनतम वेतन तय करने और आंगनवाड़ी, आशा, मिड-डे मील व एनएचएम से जुड़े कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने की मांग की गई। बीएमएस ने संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए समान काम के बदले समान वेतन लागू करने की मांग की।
ऑटो चालकों ने रखीं मांगें
प्रदर्शन में दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ भी शामिल हुआ। संघ ने ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग की। इसके अलावा बढ़ी हुई फिटनेस फीस वापस लेने, चालकों के काम के घंटे तय करने और निजी नंबर प्लेट वाली बाइक टैक्सियों पर रोक लगाने की मांग की।