नोएडा के सेक्टर 61 स्थित शॉप्रिक्स मॉल के पास एक मजदूर की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। सड़क पर शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर सेक्टर-58 पुलिस पहुंची। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि अधेड़ के सीने पर धारदार हथियार से हमले के निशान हैं।
परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की। शव की शिनाख्त रामपाल (44) निवासी गली नंबर 10 इंद्रापुरी, मोदीनगर गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह सेक्टर 24 स्थित नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में कांट्रेक्ट पर मजदूरी करता था।
शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह साइकिल से घर के लिए निकला था। रात करीब साढ़े 11 बजे उसका शव शॉप्रिक्स मॉल के पास सड़क पर पड़ा मिला। मौके से पर्स, मोबाइल और साइकिल बरामद हुआ है। पुलिस ने लूटपाट के इरादे से हत्या करने की बात से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से वार करने की बात पुष्टि हो गई है। डीएसपी डॉ. अनूप कुमार का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।