फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योजनाएं बनाने पर ही नहीं, धरातल पर भी उतारने के लिए करें काम : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम रेखा गुप्ता ने बड़े प्रोजेक्ट्स पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए
विज्ञापन

पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं पर है फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों, चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति और आगामी वित्तीय वर्ष की तैयारियों की समीक्षा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस अब केवल योजनाएं बनाने पर नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर ठोस परिणाम दिखाने पर है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं का विवरण एक सप्ताह के भीतर ‘सीएम-प्रगति’ पोर्टल पर अपडेट हो। यह आंतरिक मॉनिटरिंग पोर्टल परियोजनाओं की समयबद्ध समीक्षा, पारदर्शिता और शीर्ष स्तर पर नियमित निगरानी के लिए बनाया है। उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स में देरी या लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी और सभी विभागों को तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करना होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने सार्वजनिक पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करें, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही ही सुशासन की पहचान है और जनता को यह पता होना चाहिए कि सरकार के स्तर पर क्या काम हो रहा है।
विज्ञापन

‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल पर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल को लेकर भी अहम निर्देश दिए। यह पोर्टल नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए एक समर्पित डिजिटल मंच होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तकनीकी तैयारी, कर्मचारियों की ट्रेनिंग, ट्रायल रन और विभागों के एकीकरण का कार्य तय समय में पूरा करने को कहा, ताकि पोर्टल को जल्द से जल्द जनता के लिए लॉन्च किया जा सके। ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत सेतु बनेगा और शिकायत निवारण की प्रक्रिया को सरल, तेज और भरोसेमंद बनाएगा।
विज्ञापन

गर्मी की तैयारी पर जुटें, बिजली-पानी पर करें फोकस
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को अभी से अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी की आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की तैयारी, सड़कों की मरम्मत और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर समय रहते काम शुरू करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गर्मियों के दौरान दिल्लीवासियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी जरूरी सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार ‘परिणाम आधारित प्रशासन’ की नीति पर काम कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें