फरीदाबाद के सेक्टर-29 हाउसिंग बोर्ड के हनुमान पार्क में बुधवार को आरडब्ल्यूए ने पुलिस-पब्लिक मीटिंग रखी। इसमें सुरक्षा का मुद्दा छाया रहा।
बैठक में महिलाओं की टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। यह टीम असमाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ ही किरायेदारों का वेरिफिकेशन भी कराएगी।
चौकी इंचार्ज सुनीता पूनिया ने बैठक में महिलाओं को होने वाली समस्याओं की सूची तैयार की। बुजुर्गों ने भी खुद को हो रही परेशानी से अवगत कराया। सेक्टर की महिला विंग प्रधान पार्वती ने असमाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए पुलिस और पब्लिक की टीम गठित करने का सुझाव दिया, जिसे मान लिया गया।
महिलाएं सुरक्षा में पुलिस का साथ देंगी। डोर टू डोर अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। कॉलोनी में घूम रहे असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और तुरंत पुलिस को सूचना दी जाएगी, जिससे स्नेचिंग और छेड़खानी की वारदातों पर रोक लग सके।
चौकी इंचार्ज पूनिया ने कहा कि क्राइम ग्राफ को कम करने के लिए लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। इस मौके पर पिंकी गुप्ता, जया चौधरी, आकृति शंकर दत्त, रविंद्र सक्सेना, गणेश भंडारी एवं वीके रेखी आदि उपस्थित रहे।