नई दिल्ली-आगरा रेल ट्रैक पर सेमी हाईस्पीड ट्रेन चलाने की तैयारी रेलवे ने पूरी कर ली है।
रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) और रेलवे अधिकारियों ने 160 किलोमीटर की रफ्तार पर चलने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के यार्ड में पहुंचे नए कोच की तकनीकी जांच दोबारा करने के साथ ही पूरे ट्रैक को चेक किया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच में कोच और ट्रैक को सही पाया गया है। बृहस्पतिवार को यह ट्रेन सुबह 11:15 पर नई दिल्ली से चलेगी और दोपहर 1:30 बजे आगरा पहुंचेगी।
सेमी हाईस्पीड ट्रेन का कोच कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी में बना है। ट्रायल रन सफल होने पर उम्मीद है कि इसे निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से नियमित रूप से चलाने की तारीख तय कर दी जाएगी।
ट्रेन बीच-बीच में 160 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ेगी। वापसी में यह आगरा से दोपहर 1:50 पर चलेगी और नई दिल्ली अपराह्न 3:55 पर पहुंचेगी। 4 जुलाई को नई दिल्ली स्टेशन पर ट्रेन की जांच फिर से की जाएगी।