फरीदाबाद स्थित सेक्टर-48 गीता सोसायटी के सामने खुले शराब ठेके पर संस्कार फाउंडेशन की पदाधिकारी महिलाओं ने ताला जड़ दिया। महिलाओं का आरोप है कि ठेका अवैध रूप से चल रहा था। सोसायटी के साथ किसी भी कीमत पर ठेके को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शराब ठेकों को बंद करवाने के लिए महिलाओं का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार शाम संस्कार फाउंडेशन की महिलाएं सोसायटी के सामने खुले ठेके के बाहर एकत्रित हुईं। उन्होंने ठेके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकल कर ठेके में ताला लगा दिया।
इस दौरान उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सरकार विरोधी नारे लगाए। उन्होंने कहा कि अगर शराब का ठेका दोबारा खोला गया तो, सोसायटी की सारी महिलाएं एकत्रित होकर इसको हटाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं।
संस्कार फाउंडेशन की अध्यक्ष परमिता चौधरी ने कहा कि प्रशासन महिलाओं के सब्र की परीक्षा ले रहा है। महिलाओं का आरोप है कि प्रशासन उन्हें गुमराह करके उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है।
इस मौके पर रेनू चौधरी, रहमानी खान, प्रीति दुबे, राज शर्मा, हिना माथुर, रितु अरोड़ा, पिंकी, दीपशिखा, सपना, मीरा, दिव्या डागर, शबनम, पूजा, राजबाला और अनीता शर्मा आदि मौजूद रही।
एसएसपी ने दिया जांच का आदेश
कोई भी व्यक्ति शराब ठेके को जबरन बंद नहीं करवा सकता है। इनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। पुलिस टीम को मौके पर भेज कर जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद कोई कार्रवाई की जा सकेगी। - एसपीएस चौहान, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त फरीदाबाद