अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को सेक्टर-21बी स्थित एकनिजी स्कूल में विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा और लगन के बल पर ऊंचाईयों को छूने वाली 14 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान उत्तरी यूरोपीय देश लिथुआनिया से आईं आयुर्वेद की महिला डॉक्टरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमा चुकीं महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सभी महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र व शॉल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने संदेश दिया कि नारी शक्ति का स्त्रोत है, परिवार का केंद्र बिंदु है और सबको एक सूत्र में बांधकर रखने वाली मुख्य धुरी है। महिलाएं परिवार एवं समाज में मुख्य स्तंभ के रूप में कार्य करती हैं।
कई बार वे कार्यक्षेत्र में अनदेखी का शिकार होती हैं, लेकिन फिर भी महिलायें अपने कार्यक्षेत्र में लगातार जुटी रहती हैं एवं परिवार तथा समाज के लिए प्रकाश स्तंभ बनती हैं।
स्कूल के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान और डॉ. प्रताप चौहान ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फरीदाबाद की महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र में बेमिसाल कार्य कर रही हैं एवं महिलाओं तथा समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन रही इस अवसर पर बच्चों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक नृत्य कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में सीपीएस सीमा त्रिखा, हुडा प्रशासक डॉ. गरिमा मित्तल, पूर्व विधायक शारदा राठौर, महिमा बक्शी, नीरा तोमर, शूटर अनिसा सैयद, डॉ. मिताली मुखर्जी, लिथुआनिया आयुर्वेद की लीना, रेवती कामथ, सिविल जज शिवानी राना, डॉ. संगीता चोपड़ा, ऊषा किरण, अर्चना भाटिया, और सपना वर्मा के साथ महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए कार्यक्रम करने वाले डॉ. दिनेश त्यागी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ज्योति संग, एसएस गोसांई, एचएस राणा, नरेश वर्मा, मधु वर्मा आदि मौजूद रहे।