डीएसएचएम ने अनुबंध पर 33 लेडी हेल्थ विजिटर का किया चयन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महिला और बाल स्वास्थ्य योजनाओं को रफ्तार देने के लिए दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन (डीएसएचएम) ने अनुबंध के आधार पर 33 लेडी हेल्थ विजिटर (एलएचवी) का चयन किया है। मिशन ने साक्षात्कार का परिणाम जारी कर दिया है। इनकी तैनाती से गर्भवती महिलाओं, नवजात और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और पहुंच मजबूत होने की उम्मीद है।
एलएचवी गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच और आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएंगी। प्रसव के बाद मां और नवजात के स्वास्थ्य की निगरानी, जरूरी देखभाल की सलाह और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी होगी।इसके अलावा महिलाओं को परिवार नियोजन, स्तनपान, बच्चों के पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
एएनएम व अन्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के काम की निगरानी और मार्गदर्शन भी एलएचवी करेंगी। अधिकारी के अनुसार, जरूरत के मुताबिक इन्हें घर-घर जाकर या डिस्पेंसरी में तैनात किया जाता है। टीबी उन्मूलन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण और अन्य जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में भी इनकी अहम भूमिका रहेगी।