एक निजी कंपनी में फील्ड ऑफिसर (सिक्योरिटी) पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों छह साल से लिव-इन में साथ रह रहे थे।
आरोपी ने दूसरी युवती से शादी कर ली। पीड़िता की शिकायत के बाद डीएलएफ फेज एक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से बिहार की रहने वाली 21 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि झारखंड के रहने वाले राजू (31) नामक युवक के साथ वह सिरहौल गांव में पिछले छह साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी। राजू एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी में फील्ड ऑफिसर का काम करता है।
आरोप है कि छह सालों के दौरान आरोपी ने शादी का वादा करके कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि एक साल पहले आरोपी ने शपथपत्र पर लिखकर शादी करने को कहा।
करीब 10 दिन पहले उसे पता लगा कि गांव में आरोपी ने दूसरी युवती से शादी कर ली है। मंगलवार शाम को पीड़िता की शिकायत के बाद डीएलएफ फेज एक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। डीएलएफ फेज एक थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।