दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली पुलिस कांस्टेबल को ‘ठुल्ला’ कहकर संबोधित करने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने भी इसकी मुखालफत शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार रात को वायरलेस पर एक संदेश दिया। इसमें कहा गया कि ‘ठुल्ला’ सुनकर मनोबल न गिराएं बल्कि इसे सकारात्मक रूप से लें।
एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को आपसी बातचीत में ‘ठुल्ला’ कहकर संबोधन करने की सलाह भी दे डाली। उनका कहना था कि ‘ठुल्ला’ शब्द का इस्तेमाल करें और अपराध पर लगाम लगाएं।
अरविंद केजरीवाल के संबोधन के खिलाफ वायरलेस सेट पर प्रसारित गाजियाबाद पुलिसकर्मियों को दिए संदेश में एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई निंदा को अपनी शक्ति बनाएं और इसका जवाब काम से दें।
‘ठुल्ला’ शब्द से परहेज न करें, बोलचाल में एक दूसरे को ‘ठुल्ला’ कहकर संबोधित करें। यही इसका प्रतिरोध होगा। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को सलाह दी कि अच्छा काम करें और सीना तानकर परिवार के सामने खड़े हों।
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली से सटे होने के कारण गाजियाबाद पुलिस का मनोबल भी दिल्ली के सीएम के इस संबोधन से गिरा है।
ऐसे में पुलिसकर्मियों को जरूरत है कि वह साबित करें कि वह हैं तो पूरा शहर चैन की नींद सोता है। अपराधों पर लगाम ठोंकें और पुलिसकर्मियों को कोसने वाले लोगों को जवाब दें।
रिटायर्ड आईपीएस बोले, राजनीतिक बयानों का जवाब काम से दें
गाजियाबाद के एसएसपी युवा और जुझारू अधिकारी हैं। उन्हें राजनीतिक बयानों का इस प्रकार से जवाब देने से बचना चाहिए। ऐसे बयानों से एक पुलिसकर्मी की भावनाएं आहत होती हैं, जो एसएसपी के इस संदेश के रूप में सामने आई हैं। - विक्रम सिंह, पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश