सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्रपाल के अनुसार, बीती 12 दिसंबर को गांव रायदासका निवासी कुलवीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई सुंदर सिंह 11 दिसंबर की रात को घर के सामने स्थित प्लॉट पर पशुओं के लिए बने कमरे में सोने के लिए गया था। रात के करीब साढ़े 12 बजे सुंदर की पत्नी ललिता को प्लॉट पर कुछ आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर वह प्लॉट में बने कमरे में गई तो देखा कि सुंदर चारपाई पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। सुंदर का सिर बुरी तरह से फटा हुआ था तथा गला दबाने के निशान थे। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पत्नी ललिता पर शक होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पत्नी ने हत्या की वारदात का खुलासा किया।
आरोपी पत्नी ने बताया कि उसका पति सुंदर अक्सर शराब पीकर घर आता था और उसके व बच्चों से साथ मारपीट करता था। 11 दिसंबर की देर शाम सुंदर शराब पीकर आया और उसके साथ मारपीट की। पति से परेशान होकर उसने हत्या करने का मन बनाया। जब उसका पति नशे की हालत में प्लॉट में सो गया तो उसने वहां जाकर डंडे से सिर पर कई वार किए।
उसके बाद अपनी चुन्नी से पति का गला दबाए रखा। पति के मरने के बाद वह घर वापस आ गई और दोबारा प्लॉट में जाकर शोर मचा दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी से हत्या में प्रयुक्त डंडा व चुन्नी बरामद कर ली है। आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।