राजनगर एक्सटेंशन के पास शनिवार सुबह सड़क पार कर रही कविता (25) को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। घटना से नाराज परिजनों ने हंगामा किया हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया।
कविता नंदग्राम की विकलांग कालोनी की रहने वाली थीं। उनके पिता वलिराम नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। पिता ने बताया कि कविता की शादी दिल्ली बुराडी निवासी सुभाष से मई 2013 में हुई थी।
घरेलू विवाद के कारण कविता पति से अलग मायके में रह रही थी। वह राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक ज्वैलरी शॉप में नौकरी करती थी।
सुबह करीब 11 बजे राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी सोसायटी के सामने दोपहिया वाहन खड़ा कर पैदल सड़क पार कर रही थी।
मोहननगर से जीटी रोड की ओर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई, उसे सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगीं, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। तब तक आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग चुका था। सूचना मिलने के करीब 45 मिनट बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।