जीटीबी अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल दिखाने आई एक युवती ने मनचले की जमकर क्लास ली। दरअसल युवती पर अश्लील फाब्तियां कस रहे युवक से पीड़िता भिड़ गई।
शोर शराबा सुनकर अन्य लोग उसकी मदद को पहुंच गए। बाद में युवक को पिटाई लगाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता सपना (18)(बदला हुआ नाम) परिवार के साथ शाहदरा इलाके में रहती है। बृहस्पतिवार को सपना अपनी एक सहेली के साथ जीटीबी अस्पताल किसी को देखने के लिए आई थी।
इस बीच करीब 22 साल के एक मनचले युवक ने सपना पर फाब्तियां कसना शुरू कर दिया। सपना ने मना किया तो वह उससे बहस करने लगा। विरोध करने पर आरोपी उससे छेड़छाड़ करने लगा।
सपना आरोपी युवक पर टूट पड़ी। चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में मौजूद लोग भी वहां आ गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सपना ने उसकी जमकर पिटाई लगाई बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।