बिल्डर प्रोजेक्ट के सस्ते फ्लैट्स की स्कीम के ड्रॉ स्थल में सिर्फ वैध आवेदनकर्ता ही प्रवेश कर सकेंगे। कविनगर सामुदायिक केंद्र में होने वाले ड्राॅ स्थल पर प्रवेश से पहले आवेदनकर्ता को फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाना होगा।
ड्रॉ में प्रापर्टी डीलर्स का प्रवेश रोकने के लिए जीडीए अधिकारियों ने यह व्यवस्था की है। साथ ही करीब एक दर्जन संदिग्ध प्रापर्टी डीलर्स की सूची भी तैयार की गई है। इन पर जीडीए अधिकारियों की विशेष निगाह रहेगी।
5 जून से 2500 ईडब्लूएस और 2500 एलआईजी फ्लैट्स की स्कीम का ड्रॉ शुरू होगा। निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था में ड्रॉ कराने के लिए जीडीए अधिकारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
इसी क्रम में ड्रा के लिए जीडीए और प्रशासनिक अधिकारियों की कमेटी बनाई गई। ड्रॉ में प्रापर्टी डीलर कोई खेल न कर सकें, इसके लिए इनका प्रवेश रोकने की कवायद की गई है।
ओएसडी डीपी सिंह ने कहा कि सुबह 10.30 बजे से सामुदायिक केंद्र के हॉल में ड्रॉ निकाला जाएगा। ड्रॉ में सिर्फ पास आवेदन की वैध स्लिप और फोटोयुक्त पहचान पत्र से ही प्रवेश होगा।