- जिले में 25 फीसदी कैब और 45 से 55 फीसदी ट्रकों के बंद होने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-2 लागू होने से गुरुग्राम के ट्रांसपोर्ट और ट्रैवल्स कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए प्रतिबंधों से जिले में बड़ी संख्या में व्यावसायिक वाहनों का संचालन प्रभावित होगा। ट्रांसपोर्टरों का अनुमान है कि ग्रेप के अगले चरणों में 45 से 55 फीसदी मालवाहक ट्रक और 25 फीसदी ट्रैवल्स कैब सड़कों से हट सकती हैं।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एनसीआर राज्यों को ग्रेप नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रदूषण बढ़ने पर वाहनों के संचालन पर चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंध लगाए जाते हैं। इससे कारोबारियों को आमदनी घटने की चिंता है। साथ ही, बैंक की किस्त, वाहन का खर्च और कर्मचारियों का वेतन देना जारी रहेगा। गुड़गांव ट्रांसपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान हुकुम चंद शर्मा ने बताया कि जिले में करीब 350 ट्रांसपोर्टर हैं। ये दिल्ली-एनसीआर में माल की आपूर्ति के लिए बड़ी संख्या में वाहन चलाते हैं। मालवाहक वाहनों में 60 फीसदी बीएस-4 श्रेणी के हैं। प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर बीएस-4 वाहनों पर प्रतिबंध लगने से माल ढुलाई का काम प्रभावित होगा।
ट्रैवल्स एजेंसियों पर असर
ट्रैवल्स वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, एजेंसियों के पास करीब 19 से 20 हजार व्यावसायिक चार पहिया वाहन हैं। इनमें लगभग 25 फीसदी बीएस-4 श्रेणी के वाहन हैं। ग्रैप प्रतिबंधों के कारण बीएस-4 वाहनों का संचालन बंद होने से एजेंसी संचालकों की आय प्रभावित होगी। बैंक की किस्त चुकाना और चालकों को वेतन देना उनके लिए चुनौती होगी।
आपूर्ति शृंखला पर प्रभाव
गुड़गांव ट्रांसपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप मोदी ने कहा कि ग्रेप लागू होने पर सबसे ज्यादा नुकसान ट्रांसपोर्टरों को उठाना पड़ता है। बीएस-4 मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध लगने से शहर में सामान की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसका असर रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की उपलब्धता पर भी पड़ सकता है।