मर्चेंट नेवी अधिकारी के 16 साल पुराने बैंक खाते से एक लाख रुपये की ऑनलाइन शापिंग फ्रांस में होने का मामला सामने आया है। जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय बैंक का डेबिट कार्ड गुड़गांव में और कार्ड होल्डर जापान में मौजूद था। साइबर सेल की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
सेक्टर 56 में रहने वाली नीति सिंह ने साइबर सेल को दी शिकायत में बताया है कि उनके पति प्रनीत धनखड़ मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं। उनके पति का आईसीआईसीआई बैंक में 16 साल पुराना खाता है। विदेशों में आने-जाने के कारण में यह खाता एनआरआई कोटे के तहत खोला गया है।
बैंक का प्लेटिनम कार्ड उनके पास है और उनके पति इस समय जापान में हैं। चार जुलाई को उनके खाते से एक लाख की खरीददारी फ्रांस के मॉल में हुई है। उन्हें इस बात की जानकारी तब हुई, जब उनका कार्ड यहां नहीं चल रहा था। साइबर सेल की टीम मामले की छानबीन करने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता चला है कि अज्ञात हैकर ने बैंक का थ्रीडी कोड हैक करके वारदात को अंजाम दिया है।
बैंक नियम के चलते बचे 12 लाख
बैंक का नियम है कि यदि कोई एक लाख से अधिक की ट्रांजेक्शन ऑनलाइन करता है तो उसका कार्ड आटोमेटिक बंद हो जाएगा। जिस समय आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। उस समय खाते में 13 लाख से अधिक रुपये थे। एक लाख की शॉपिंग के बाद बैंक की ओर से कार्ड बंद कर दिए जाने के कारण आरोपी 12 लाख रुपये नहीं निकाल सका।