दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता का स्तर खराब श्रेणी में स्थिर है। सोमवार को हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता का ग्राफ नीचे आया और अभी यह स्थिर है। हालांकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के रीयल टाइम आंकड़े बताते हैं कि वातावरण में पर्टिकुलेट मैटर (हवा में मौजूद खतरनाक बारीक कण) में जो कमी आई थी, वह फिर से बढ़ रही है।
मौसम विभाग की मानें तो हवा की गति अभी काफी मंद (5 किमी प्रति घंटा) है। इसके अलावा तापमान में गिरावट जारी है। ऐसे में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी से लुढ़कने के बजाए फिर से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
सीपीसीबी के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब स्तर पर ही बना हुआ। यूपी में गाजियाबाद को छोड़कर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता खराब स्तर पर बरकरार है।
औद्योगिक क्षेत्र गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है। सोमवार को इन सभी जगहों पर वायु गुणवत्ता या तो बहुत खराब श्रेणी में थी या फिर गंभीर श्रेणी में। बुधवार को नोएडा में सेक्टर-125, आनंद विहार, आईटीओ, लोधी रोड, मंदिर मार्ग, आरकेपुरम में पर्टिकुलेट मैटर (पीएम) 10 और पीएम 2.5 बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।