दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिली बंपर जीत का तोहफा गाजियाबाद को भी मिलेगा। अरविंद केजरीवाल गाजियाबाद में मेट्रो के विस्तार के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
दिल्ली की गद्दी मिलने के बाद गाजियाबाद के विकास में अहम योगदान करने की योजना पहले से ही आम आदमी पार्टी के एजेंडे में शामिल है।
गाजियाबाद में आम आदमी पार्टी का प्रधान कार्यालय है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की थी।
गाजियाबाद के जिला संयोजक ठाकुर देवेंद्र सिंह ने बताया कि अरविंद केजरीवाल की गाजियाबाद में मेट्रो विस्तार की योजना है।
कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और सहयोग को सम्मान देने के लिए अरविंद मेट्रो को गाजियाबाद के उन इलाकों तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे, जहां अभी मेट्रो नहीं है।
दिल्ली के साथ गाजियाबाद में विकास की रूपरेखा भी पहले ही बना ली गई है। दिल्ली में सत्ता संभालने के बाद इस बाबत कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली चुनावों में गाजियाबाद से गए 600 कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की थी।