वैभव खंड में बन रहे 400 केवीए के सबस्टेशन में मई माह में 60 एमवीए का ट्रांसफार्मर शुरू नहीं हो सकेगा। पावर कारपोरेशन ने अभी तक लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं किया है।
अब अधिकारी दिसंबर में 60 एमवीए के ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू करने का दावा कर रहे हैं। इस कारण 2016 में ही लोगों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी। पावर कारपोरेशन ने मई में 400केवीए सबस्टेशन पर लगे 60 एमवीए के ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू करने की योजना तैयार की थी।
डिस्ट्रीब्यूशन अधिकारियों ने ट्रांसमिशन अधिकारियों को पत्र लिखकर ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू करने की मांग की थी। ट्रांसमिशन विभाग ने इस पर सहमति भी जताई थी। मगर बिजली आपूर्ति के लिए लाइन बिछाने के कार्य में हो रही देरी के कारण 60 एमवीए के ट्रांसफार्मर से मई में आपूर्ति शुरू नहीं हो पाएगी।
अधिकारियों की मानें तो दिसंबर में लाइन बिछाने का काम पूरा होगा, जिसके बाद ही ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू हो सकेगी। इसके बाद ही टीएचए के लोगाें को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी। अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा ने बताया कि सबस्टेशन पर 60 एमवीए के ट्रांसफार्मर से दिसंबर में आपूर्ति शुरू हो पाएगा।
नहीं मिलेगी राहत
गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ जाती है। कॉलोनियों में बने सबस्टेशन ओवरलोड हो जाते हैं। ओवरलोडिंग की वजह से लोकल फाल्ट बढ़ जाते हैं और अक्सर बिजली गुल की समस्या होने लगती है। इसे देखते हुए ट्रांसफार्मर शुरू करने का लक्ष्य था। ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति हो जाता तो टीएचए में बिजली की समस्या खत्म हो जाती।