दिल्ली के सुभाष पैलेस इलाके में पति-पत्नी के बीच शुरू हुए विवाद ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। सुभाष पैलेस इलाके में रहने वाले एक ऑटो चालक ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी पर चाकू से सिर्फ इसलिए हमला कर दिया क्योंकि उसने खाने में नमक अधिक डाल दिया था।
इसके बाद बच्चों ने किसी तरह अपनी मां को पिता से बचाया और पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया गया कि आरोपी पति को नशे की बुरी लत है और घटना वाली रात भी वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। पत्नी मोहिनी किसी काम में व्यस्त थी इसलिए बच्चों ने खाना परोसा।
खाना खाने के दौरान सब्जी में नमक अधिक होने की बात कहकर पति सोनू गालियां देने लगा। इसके बाद वह अपनी पत्नी को मारने लगा। गुस्साए पति ने रसोई में रखे मांस काटने वाले चाकू से मोहिनी पर हमला कर दिया। आरोपी ने बच्चों को भी मारने की धमकी दी और मौके से भाग गया।