दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम ने एक बार फिर अपनी सजगता और ईमानदारी का परिचय दिया है। सीआईएसएफ के जवानों ने स्वतंत्रता दिवस के ठीक एक दिन पहले एक लाख रुपये से भरे बैग को सही सलामत उसके मालिक के हवाले कर दिया।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता सहायक महानिरीक्षक हेमेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार दोपहर को जवानों को शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से लावारिस हालत में एक बैग मिला था। बैग को खोल कर देखा गया तो उसमें उसके अंदर एक लाख रुपये नगद और अन्य जरूरी चीजें थीं।
इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से बैग के मालिक का पता लगाया गया। सीआईएसएफ कर्मियों ने तुरंत बैग के मालिक की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के बाद मालिक का पता चल गया।
सीआईएसएफ की खोज में पता चला कि बैग द्वारका के रहने वाले प्रवीण झा का था। पता लगने के बाद जवानों ने पैसे सहित उन्हें उनका बैग वापस लौटाया। बैग वापस मिलने के बाद प्रवीण की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सीआईएसएफ का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अब मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि ईमानदारी अभी भी जिंदा है।