एक महिला अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति के अफेयर की जासूसी करने में घायल हो गई। महिला को जब पता चला कि उसका पति प्रेमिका की कार में घूम रहा है तो दोनों को पकड़ने निकल गई।
जब महिला कार की वीडियो बनाने लगी तो पति की प्रेमिका ने गुस्से में कार से महिला को टक्कर मार दी। महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। इलाज कराने के बाद महिला ने कोतवाली सेक्टर-49 में पति की प्रेमिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-75 की एक सोसायटी में रहने वाली महिला एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी करती है। पति सेक्टर-126 स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। दोनों में पहले से जान-पहचान थी। वर्ष 2017 में दोनों की शादी हो गई थी।
कुछ महीनों से पत्नी को पति पर कुछ शक होने लगा। 15 जुलाई की शाम को महिला को पता चला कि उसका पति प्रेमिका की कार में घूम रहा है। यह जानकारी मिलते ही वह ऑटो से उस जगह पर पहुंची और जब दोनों को कार में देख लिया तो पति को फोन किया।