दिल्ली के रोहिणी स्थित एफएसएल के निदेशक डॉ. वर्मा का मानना है कि वन-स्टॉप यौन उत्पीड़न जांच और देखभाल केंद्रों का निर्माण सही दिशा में उठाया गया एक कदम है। उन्होंने कहा- ‘हमने डीएनए परीक्षण की मांग में काफी वृद्धि देखी है और अनुसंधानकर्ताओं की मदद करने के लिए हम अपनी क्षमता को बढ़ा रहे हैं। फोरेंसिक साक्ष्य को शीघ्रतापूर्वक हासिल करने, उचित संग्रह व संरक्षण के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित अपराध-स्थल जांच टीम का गठन करने की योजना बना रहे हैं।’
मुंबई के केईएम अस्पताल के फोरेंसिक विभागाध्यक्ष डॉ. हरीश पाठक का मानना है कि, उनके यहां हर वर्ष यौन उत्पीड़न के लगभग 200 मामले आते हैं, लेकिन परामर्श, मेडिकल जांच व पीड़िता के ठहरने के लिए निर्धारित विशेष स्थान की कमी रहती है। इसलिए उन्होंने वन-स्टॉप सेंटर का निर्माण किया है, जहां फोरेंसिक मेडिसिन, गायनोकोलॉजी, मनोचिकित्सा के विशेषज्ञों के साथ मिलकर विवरण व इलाज देते हैं। एक हालिया अनुमान के मुताबिक, अपराध स्थल के साक्ष्य से विकसित काफी डीएनए प्रोफाइल एक वर्ष में दोगुने हुए हैं। वर्ष 2017 में 10 हजार मामलों से बढ़कर वर्ष 2018 में करीब 20 हजार से ज्यादा हुए हैं।
देश का पहला राष्ट्रीय नोडल केंद्र बनेगा एम्स
दुष्कर्म पीड़िताओं को लेकर एम्स में तैयार हो रहे वन स्टॉप केंद्र के जरिये पीड़िताओं को चिकित्सा के अलावा कानूनी सलाह, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, डीएनए जांच इत्यादि सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके लिए महिला और बाल विकास मंत्रालय भी सहयोग कर रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। बताया जा रहा है कि ये देश का पहला राष्ट्रीय नोडल केंद्र बनेगा, जिसके जरिये पुलिस को डीएनए जांच में काफी मदद मिलेगी। एम्स में ये केंद्र पूरी तरह से तैयार होने के बाद सभी राज्यों में भी इसे लाने का प्रस्ताव है। देश के सभी वन स्टॉप केंद्रों को एक मंच पर लाने और एम्स की ओर से इसकी निगरानी रखी जाएगी।