दिल्ली के संगम विहार इलाके में पति के हमले में गंभीर रूप से घायल पत्नी विद्यावती ने बुधवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि दूसरी बेटी सुमन की भी हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, संगम विहार पुलिस ने आरोपी पति को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गौरतलब है कि साइकिल रिपेयरिंग का काम करने वाले बिहार के छपरा जिला निवासी नंदकिशोर दो बेटियों सुमन (22), कविता (24), पत्नी विद्यावती और तीन बेटों के साथ के-1403 संगम विहार में रहता है।
दहेज के चलते दोनों बेटियों की शादी तय नहीं हो पा रही थी। इस कारण नंदकिशोर डिप्रेशन का शिकार हो गया था। इसके चलते आरोपी ने सो रही दोनों बेटियों व पत्नी पर रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस ने दोनों बेटियों व पत्नी को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टर ने बेटी कविता को मृत घोषित कर दिया था। अब पत्नी विद्यावती की भी बुधवार सुबह मौत हो गई। पुलिस पत्नी विद्यावती व बेटी कविता के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम करवाएगी।