शहर के पी-थ्री सेक्टर में मंगलवार दोपहर मानसिक तनाव से ग्रस्त महिला ने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, मौके से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को भी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से दिल्ली निवासी अमित पत्नी मीनू बाला और दो बच्चों के साथ पीथ्री सेक्टर में मकान में रहता है।
सेक्टर में चाय की दुकान से होने वाली आय से ही वह परिवार चलाता है। बताया जा रहा है कि पति की आय कम होने से मीनू संतुष्ट नहीं थी जिससे वह तनाव में रहती थी।
दोपहर में दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान मीनू ने कमरे को अंदर से बंद करके पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पड़ोसी महिला उससे मिलने पहुंची तो फांसी पर लटकी मीनू को देखकर उसने शोर मचा दिया। घटना की सूचना पति को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।