उबर कैब रेप मामले में आरोपी कैब चालक को जेल से कोर्ट आते समय दूसरे कैदी धमकाते हैं और ब्लेड मारने की धमकी देते हैं। यह बात आरोपी शिव कुमार यादव ने कोर्ट में आवेदन दायर कर कही है। उसने अदालत से सुरक्षा दिलाने की मांग की है। कोर्ट ने आवेदन पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
तीस हजारी स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष आरोपी कैब चालक ने आवदेन दायर कर सुरक्षा दिलाने की मांग की है। आवेदन पर शनिवार को कोर्ट में रिपोर्ट पेश की जाएगी।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता आलोक द्विवेदी व अमित चौबे के मुताबिक जेल वैन में दूसरे कैदी उसे धमकाते हुए कहते हैं कि उसके मामले के मीडिया में तूल पकड़ने के कारण उनकी जमानत वगैरह पर भी तलवार लटक गई है। वह उसके साथ कभी भी मारपीट कर सकते हैं। इसलिए उसे अलग वैन मुहैया कराई जाए या सुरक्षा मुहैया कराई जाए।