आप नेता अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान उन्हें दुबारा भारत का प्रधानमंत्री बनते क्यों देखना चाहते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा को सम्बोधित करने वाले हैं। केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी को इस जनसभा में इस सवाल का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछली बार दिल्ली के लोगों से उन्होंने दिल्ली को पूर्ण राज्य का बनाने का वायदा किया था लेकिन उन्होंने इस वायदे पर आज तक कोई अमल नहीं किया है। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि वे दिल्ली को लेकर अब क्या सोचते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने दिल्ली की सारी कच्ची कॉलोनीयों को तोड़ने का प्लान बनाया है। यह जमीन बड़े बिल्डरों को देकर बड़ी-बड़ी कम्पनियों को दी जाएगी और कच्ची कॉलोनियों की जगह बड़े-बड़े महल बनाकर बड़े लोगों को बसाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी केंद्र सरकार के ही कुछ अधिकारियों ने दी है। स्थानीय लोगों को इन कॉलोनियों में से कुछ भी नहीं दिया जाएगा जबकि दिल्ली की 60 से 70 फीसदी आबादी कच्ची कॉलोनीयों में ही रहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इससे जुड़ा बयान भी दिया है।
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया है कि सीलिंग के जरिये पहले दिल्ली को तबाह कर दिया गया था। सीलिंग के जरिये छोटे व्यापारियों को नष्ट करके बड़ी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों को मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज जब पीएम मोदी दिल्ली के रामलीला मैदान पर लोगों को सम्बोधित करेंगे तब इस बात का जवाब दें कि उन्होंने दिल्ली में सीलिंग क्यों करवा रहे हैं। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से उनके क्या सम्बंध हैं और वे क्यों उन्हें दुबारा भारत का प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहते हैं।