एक तरफा प्यार में महिला को ब्लैकमेल कर रहे एक कारोबारी को जब कीर्ति नगर थाना पुलिस ने आईजीआई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया तो उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने के बावजूद पुलिसकर्मी कारोबारी को अस्पताल ले जाने के बजाय उसे थाने ले आए।
पूछताछ के दौरान जब उसकी हालत बिगड़ी तो उसे लेकर कालरा अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस पर हिरासत में मौत के गंभीर आरोप लग रहे हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुस्कान (28, बदला हुआ नाम) पति के साथ रमेश नगर में रहती थी। उसके पति का फर्नीचर का कारोबार है। गत 26 दिसंबर को मुस्कान के पिता ने कीर्ति नगर थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया।
बाल बेयरिंग का था कारोबारी
5 जनवरी को मुस्कान के पति ने वेस्ट पटेल नगर निवासी भूपेंदर सिंह (38) पर पत्नी को अगवा कर उसे बंधक बनाकर रखने की शिकायत कीर्ति नगर पुलिस को दी। पुलिस ने जांच में पाया कि भूपेंदर सिंह भी शादीशुदा है और उसका कश्मीरी गेट में बाल बेयरिंग का कारोबार है।
पुलिस ने मुस्कान और भूपेंदर के फोन सर्विलांस पर लगाया। पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे सूचना मिली कि भूपेंदर मारीशस के फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट आ रहा है। पुलिस की टीम ने एयरपोर्ट पहुंचकर भूपेंदर को दबोच लिया। इसी दौरान भूपेंदर ने कुछ गोली खा ली।
बताया जा रहा है कि मुस्कान ने पुलिस को बताया था कि भूपेंदर ने सल्फास की गोली खा ली है। बावजूद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने के थाने ले आई। पुलिस हिरासत में मौत के मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आए और मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए। पुलिस ने भूपेंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू में रखवा दिया है।
महिला ने लगाया था ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में मुस्कान के पति ने बताया कि उसकी मुस्कान के साथ वर्ष 2007 में शादी हुई थी और चार साल का एक बेटा है। मुस्कान वर्ष 2013 में मानसरोवर गार्डन स्थित एक जिम में जाने लगी, लेकिन चार माह बाद जिम जाना छोड़ दिया।
पति ने जब इस बाबत पूछा तो उसने बताया कि भूपेंदर नाम का युवक उसके साथ छेड़छाड़ करता है। मुस्कान के जिम छोड़ने के बाद भूपेंदर उसे फोन कर धमकियां देने लगा। उसने बताया कि जिम के दौरान उसकी अश्लील फोटो ले ली है।
अगर वह जिम नहीं आई तो फोटो के जरिए बदनाम कर देगा। पति ने आरोप लगाया कि भूपेंदर उसकी पत्नी को बच्चे की हत्या करने की धमकी देकर संबंध बनाने को कहने लगा। इससे वह काफी डर गई थी। 25 दिसंबर को मुस्कान लापता हो गई और घर से तीन लाख रुपये और जेवरात भी गायब थे।
भूपेंदर को दिल्ली से जाना था काठमांडू
जांच में यह बात सामने आई है कि भूपेंदर मुस्कान को लेकर मारीशस चला गया था। वहां से बृहस्पतिवार को वापस दिल्ली आने के बाद उसकी काठमांडू की फ्लाइट थी, लेकिन सर्विलांस की वजह से पुलिस को भूपेंदर के दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने की जानकारी मिल गई।