गुड़गांव के हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
लाखों यात्रियों के सुरक्षित सफर का दावा करने वाला दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) फायर एनओसी मामले में काफी लापरवाह है। दिल्ली-एनसीआर के 32 मेट्रो स्टेशन ऐसे हैं, जिनके लिए फायर एनओसी लेने के मामले में काफी लचर रवैया अपनाया गया है।
दिल्ली स्थित कीर्ति नगर और गाजियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन के लिए तो आज तक फायर एनओसी नहीं ली गई है। ऐसे में कोई हादसा हो जाए तो कौन जिम्मेदार होगा। वहीं गुड़गांव का हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन करीब दो साल तक बिना एनओसी के चला।
इस बात का खुलासा आरटीआई से मिली सूचना के आधार पर हुआ है। गुड़गांव की एक मल्टीनेशनल कंपनी में बतौर आईटी मैनेजर काम करने वाले आरटीआई कार्यकर्ता सुधीर यादव ने डीएमआरसी में आरटीआई लगाकर सभी स्टेशनों के फायर एनओसी की कॉपी मांगी थी।
उस आरटीआई के जवाब में डीएमआरसी ने 32 मेट्रो स्टेशनों के नाम दिए हैं। इसमें पांच वर्ष की अवधि में फायर एनओसी लेने के मामले में बीच-बीच में गैप है। इसमें पाया गया है कि डीएमआरसी अपने स्टेशनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
लाखों यात्रियों की जान आफत में पड़ जाएगी
हुडा सिटी सेंटर मेट्रो पर पार्किंग का हाल
- फोटो : अमर उजाला
जब चाहा उसने फायर एनओसी ली, जब चाहा नहीं ली। अगर किसी कारण से इन मेट्रो स्टेशनों पर आग लगने जैसी आपदा आई तो लाखों यात्रियों की जान आफत में पड़ जाएगी।
आरटीआई में यह भी खुलासा हुआ है कि वैशाली और कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के लिए फायर एनओसी नहीं ली गई है। भीड़ के लिहाज से दोनों मेट्रो स्टेशनों पर रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है। वैशाली मेट्रो स्टेशन ने तो 2013 के बाद से ही फायर एनओसी नहीं ली है।
जबकि कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास 2014 से फायर एनओसी नहीं है। कीर्ति नगर स्टेशन के लिए फायर एनओसी डीएमआरसी ने 24 जून 2011 से 23 जून 2014 व 24 जुलाई 2014 से 23 जुलाई 2014 की अवधि के लिए ली थी।
इसके बाद उसने कोई एनओसी नहीं ली। वहीं वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास 22 जून 2013 से कोई फायर एनओसी नहीं है। शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के लिए डीएमआरसी ने 21 मई 2013 में फायर एनओसी ली जबकि इसका संचालन इससे काफी पहले से हो रहा है। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन की फायर एनओसी लेने में भी लापरवाही बरती गई। सात जुलाई 2014 से 20 मई 2015 तक की एनओसी नहीं ली गई थी।
हुडा सिटी सेंटर दो साल बिना एनओसी के चला
- फोटो : अमर उजाला
हुडा सिटी सेंटर दो साल बिना एनओसी के चला
गुड़गांव के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन हुडा सिटी सेंटर के लिए डीएमआरसी ने करीब दो सालों तक फायर एनओसी नहीं ली। जबकि इस स्टेशन पर रोजाना एक लाख से अधिक यात्रियों का आना जाना होता है।
इस स्टेशन के पास 22 फरवरी, 2014 से 28 जनवरी 2016 के बीच कोई फायर एनओसी नहीं थी। अब डीएमआरसी ने 28 जनवरी 2016 से 27 जनवरी, 2017 तक की एनओसी ली है।
32मेट्रो स्टेशन जिनकी फायर एनओसी में बरती गई लापरवाही, जिनमें से कुछ मुख्य हैं : शास्त्री पार्क, शास्त्री नगर, केशवपुरम, कन्हैया नगर, रोहिनी वेस्ट, हुडा सिटी सेंटर, एमएनजीआर आरएनजीआर, आरजी, टैगोर गार्डन आदि।