गीता कॉलोनी इलाके में फैजान (4) की हत्या करने के आरोप में पड़ोस के बेकरी मालिक मोहम्मद इलियास (50) और उसके भाई मोहम्मद इकरार (47) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इलियास की दुकान पर रखे काउंटर पर फैजान ने पत्थर से खरोंच मार दी थी। इस पर इलियास ने फैजान को थप्पड़ मार दिया। दीवार में सिर लगने से बच्चा बेहोश हो गया।
सबक सिखाने के लिए इलियास ने उसे अपने काउंटर में बंद कर दिया। दम घुटने की वजह से बच्चे की मौत होने के बाद देर रात दोनों ने शव को ठिकाने लगा दिया।
प्लास्टिक की बोरी में मिला था शव
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त अजय कुमार के मुताबिक, बुधवार को रानी गार्डन निवासी रहीस ने अपने बेटे फैजान के गायब होने की सूचना दी थी। बृहस्पतिवार सुबह बच्चे का शव घर से कुछ दूर एक प्लास्टिक के बोरी में मिला। थाना प्रभारी रणबीर सिंह, इंस्पेक्टर अरुण चौहान और मनोज पंत की टीम ने छानबीन शुरू की।
जांच में पता चला कि आखिरी बार मासूम को इलियास की बेकरी के पास खेलते हुए देखा गया था। पूछताछ में इलियास ने बताया कि फैजान ने उसके काउंटर पर खरोंच मार दी थी।
इस पर गुस्से में उसे थप्पड़ मारा और काउंटर में बंद कर दिया। रात में इकरार के साथ शव को बोरी में डालकर ठिकाने लगा दिया। बाद में 500 रुपये में काउंटर को बेच दिया। पुलिस ने काउंटर बरामद कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
फैजान की हत्या के मामले में अमर उजाला ने पहले ही लिख दिया था कि बच्चे की हत्या आसपास की किसी बेकरी में की गई है। बच्चे के घर के आसपास 50 से अधिक बेकरी है।
करीब 200 लोगों के साथ पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, शव पर बिस्कुट का चूरा लगा हुआ था। इस आधार पर पुलिस आशंका जता रही थी कि मासूम की हत्या किसी बेकरी में की गई है।
परिजनों का कहना था कि फैजान अक्सर इलियास की दुकान के पास ही जाकर खेलता था। घटना के बाद से इलियास ने अपना काउंटर दुकान से हटा लिया था। परिजनों ने इस पर शक भी जताया था।
पुलिस को जांच के दौरान पास के ही अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज से मदद मिली जिसमें दोनों भाईयों को उस बैग को खींच कर ले जाते हुए देखा गया जिसमें बच्चे की लाश पड़ी थी।