प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से स्कूलों को जोड़ने के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) ने अनूठी पहल की है। संगठन ने साफ-सफाई के संबंध में सभी प्रिंसिपल को सर्कुलर जारी किया है।
इसके अनुसार शिक्षकों को रोजाना स्कूल के कोने-कोने की साफ-सफाई के फोटो व्हाट्स ऐप के जरिये भेजने हाेंगे। इसके लिए विभाग ने नंबर भी जारी किया है।
विभाग का मानना है कि इस तरह रोजाना स्कूलों की सफाई की समीक्षा की जा सकेगी। वहीं, फोटो में गंदगी नजर आने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
केवीएस के निर्देश में स्कूलों को रोजाना शौचालय की साफ-सफाई, पानी की टंकियों, स्कूल मैदान की तस्वीरें भेजनी होंगी। साथ ही स्कूलों में समय-समय पर चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियानों के फोटो भी व्हाट्सअप नंबर पर अपडेट करने होंगे। यदि कोई स्कूल निर्देश का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के माहौल को सुधारने के लिए उठाया कदम-
संगठन की मानें तो देश में 1076 केंद्रीय विद्यालय है। इस तरह की पहल से स्कूल के माहौल को सुधारा जा सकता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए स्वच्छ वातावरण मिलेगा। खेलने के लिए स्वच्छ मैदान मिलेगा।
इसके अलावा ऐसा करने से विद्यार्थी साफ-सफाई के प्रति जागरूक भी होंगे। फोटो समीक्षा में सबसे अधिक साफ-सुथरे स्कूल को संगठन सम्मानित करेगा।