मौसम विभाग ने आज सुबह 10 बजे तक, दिल्ली के बुराड़ी, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, दिल्ली यूनिवर्सिटी, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, लाल किला, प्रीत विहार के अलावा एनसीआर के लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी में मंगलवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे के बीच आया नगर में सबसे अधिक 49.3 मिमी वर्षा हुई। छतरपुर में 20.5 मिमी, केवीके सीआरपीएफ कैंपस में 20 मिमी और पालम में 8.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जनकपुरी में 5.5 मिमी, लोधी रोड पर 1.1 मिमी तथा मयूर विहार, नारायणा और नजफगढ़ में 0.5 मिमी वर्षा हुई।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, आया नगर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।
अगले छह दिन मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले छह दिन राजधानी का मौसम सुहावना बना रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। पांच और छह अगस्त को अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि सात से दस अगस्त तक भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री और न्यूनतम 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।