लाहौल में दो दिन शिक्षण संस्थान किए बंद
भारी बर्फबारी के चलते सोमवार को अटल टनल रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में आवाजाही ठप हो गई है। लाहौल घाटी में 30 से 60 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर चुकी है। इसको देखते हुए लाहौल में मंगलवार और बुधवार के लिए शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
हिमस्खलन का खतरा
हिमाचल के कई इलाकों में हिमखंड खिसकने का खतरा बना हुआ है। राजधानी शिमला और धर्मशाला सहित प्रदेश के अधिकतर निचले क्षेत्रों में सोमवार दोपहर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चला। मनाली में फाहे गिरे। बर्फबारी से नेहरूकुंड में ट्रैफिक जाम रहा। कांगड़ा जिले में धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। चंबा, कुल्लू और शिमला जिले में कई जगह बारिश भी हुई।
रामबन में भूस्खलन, कश्मीर का देश से सड़क संपर्क कटा
जम्मू-कश्मीर में हिमपात व बारिश के चलते रामबन इलाके में भूस्खलन के बाद हाईवे बंद हो गया है। इसके साथ ही कश्मीर का देश से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारा जारी रहने की संभावना जताई है।
गुलमर्ग में 1.5 फुट बर्फबारी
बारामुला जिले के गुलमर्ग में पिछले 24 घंटों में लगभग 1.5 फुट ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा सोनमर्ग, गुरेज, लद्दाख, द्रास, पुंछ से सावजियां में भी जमकर बर्फबारी हुई।
केदारनाथ में एक तो बदरी धाम में आधा फुट बर्फ गिरी
उत्तराखंड में दूसरे दिन भी मौसम खराब रहा और चारों धामों में बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई जो देर शाम तक जारी रही। बदरीनाथ में आधा फीट बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से हनुमान चट्टी से बदरीनाथ धाम तक हाईवे फिसलन भरा हो गया है। केदारनाथ में एक फीट, औली में दो इंच, गंगोत्री-यमुनोत्री में छह इंच ताजा बर्फबारी हुई है।
आज भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज, कल यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। 22 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 23 और 24 फरवरी को किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी की 42 सड़कों समेत जिले के कुल 44 मार्ग पर बर्फबारी और बारिश से वाहनों के पहिए जाम हो चुके हैं। वहीं, जिले के 300 गांवों में बिजली ठप है।