फरीदाबाद में दो घंटे की झमाझम बारिश ने सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। शहर के मुख्य चौक चौराहों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बल्लभगढ़, बाटा और अजरौंदा चौक पर जलभराव से वाहनों के पहियों पर ब्रेक लग गया। इससे करीब तीन घंटे तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। यही स्थिति सेक्टर व कॉलोनियों में देखने को मिली।
जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर गाड़ियां भी खराब हो गईं। सबसे ज्यादा खराब हालत डबुआ कॉलोनी 60 फुट रोड, सरान गांव, विधायक रोड और सेक्टर-15ए में देखने को मिली। यहां सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। बीके चौक और एनआईटी एक नंबर मार्केट से इन क्षेत्रों को जाने वाले ऑटों ने जाने वाले ऑटो चालकों ने जलभराव के कारण जाने से इनकार कर दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। ओल्ड फरीदाबाद और एनएचपीसी अंडरपास में पानी भरने से कई वाहन फंस गए।
शहर में दो दिन से मौसम में परिवर्तन जारी है। सोमवार सुबह धूप खिलने पर लोगों को बारिश की कोई उम्मीद नहीं थी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली, बूंदाबांदी और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर हुई झमाझम बरसात ने सड़कों को तालाब में बदल दिया। डबुआ कॉलोनी 60 फुट रोड, जवाहर कॉलोनी, सारन गांव विधायक रोड, सेक्टर-10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 24, व 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, वायुसेना मार्ग, रेलवे रोड पर जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
दो घंटे की बारिश ने निगम के दावों की पोल खोल कर रख दी। जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। डबुआ स्थित 60 फुट रोड, हार्डवेयर सोहना रोड और सारन में चारों ओर पानी-पानी नजर आ रहा था। बरसात के पानी के साथ सीवर की गंदगी भी घरों में घुस गई। बीके चौक, नीलम चौक, एक नंबर आदि जगहों से डबुआ जाने वाले ऑटो चालकों ने किनारा कर लिया। ऐसे में अपने गंतव्य तक सवारी न मिलने से लोग परेशान हुए। ऐसे में सवारियां दूसरों वाहन चालकों से लिफ्ट लेकर किसी तरह अपने गणतव्य तक पहुंची।
यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाटा चौक, अजरौंदा चौक, बल्लभगढ़ चौक एक बार फिर जलभराव से तालाब बन गया। यहां यातायात व्यवस्था ठप हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग से नीलम चौक और एनआईटी की तरफ आने और जाने वालों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। यहां यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों ने पानी में उतरकर ट्रैफिक संभाला।
अंडरपास के बाहर मिस्त्रियों ने सजाई दुकानें
ओल्ड फरीदाबाद और एनएचपीसी अंडरपास में जलभराव होने से उसमें कई वाहन फंस गए। जो भी वाहन अंडरपास से निकलने की कोशिश करता, पानी साइलेंसर में जाने से वह ही बंद हो जाता। ऐसे में इलाके के कुछ ऑटो मिस्त्रियों ने यहां अपनी दुकानें सजा लीं। अंडरपास से बाहर आने के बाद बंद हुए इन वाहनों को स्टार्ट करने में इन लोगों ने जमकर चांदी काटी।