दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत पर इन दिनों कोहरे और शीतलहर की दोहरी मार है। आज सुबह भी उत्तर भारत के कई शहरों में कोहरा छाया रहा। शुक्रवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
'पंजाब में 25-30 सालों में पहली बार इतनी ठंड देखी'
पंजाब के लुधियाना में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, '25-30 सालों में पहली बार इतनी तेज ठंड देखी है।
सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि जैसे-जैसे सूरज चढ़ा कोहरा भी छंटता चला गया।
कोहरा व शीत लहर की चपेट में दिल्ली, हवा भी गंभीर
दिल्ली शीत लहर के चपेट में गुरुवार को भी रही। घने कोहरे के बीच हवा की गुणवत्ता भी गंभीर स्तर में बनी हुई है। न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस 4.5 डिग्री सेल्सियस था। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, हवा में नमी 97 फीसदी होने की वजह से सुबह दिल्ली घने कोहरे से घिरी रही। गुरुवार सुबह 5:30 बजे से 8 बजे के बीच पालम मे दृश्यता 100 मीटर थी। वहीं, सफदरजंग में यह आंकड़ा 201 मीटर था। आईएमडी क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिल्ली शीत लहर की चपेट में रहेगी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक जा सकता है।
दूसरी तरफ तापमान कम होने व हवा की चाल धीमी पड़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक भी गंभीर स्तर पर बना हुआ है। हवा की नमी समस्या ज्यादा बढ़ा रही है। प्रदूषक दूर-दूर तक फैल नहीं पा रहे है। गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 423 रिकार्ड किया गया। सफर का पूर्वानुमान है कि 26 दिसंबर तक इसमें बदलाव की उम्मीद नहीं है। गुणवत्ता सूचकाक इस बीच गंभीर स्तर में बना रहेगा।