दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी का कहर जारी है। बुधवार को लगातार चौथे दिन दिल्ली-एनसीआर में लू चलती रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पालम सबसे गर्म रहा। हालांकि, मंगलवार की तुलना में बुधवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार से पारे में गिरावट आएगी। वहीं, हल्की बारिश से शुक्रवार को लू के कहर से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत मिल सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौजूदा सप्ताह भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। 24 मई से अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। मंगलवार को दिल्ली की गर्मी ने 18 साल का रिकार्ड तोड़ दिया था। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद दिल्ली-एनसीआर को लू से राहत नहीं मिल सकी। लू के कारण लोग परेशान रहे। एक बार फिर पालम 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों में यहां गंभीर स्तर की लू चली है।
हालांकि, मंगलवार के 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान की तुलना में बुधवार को .4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार से दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत को गर्मी से राहत मिलने लगेगी। हवा की दिशा पुरवा होने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इससे 28-30 मई के बीच तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने अनुमान है। इससे 31 मई तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अंदेशा है।
सामान्य से 6 डिग्री ऊपर रहा दिल्ली का तापमान
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को पूरी दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होने से पूरी दिल्ली हीट वेव की चपेट में रही। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ऊपर 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवाएं
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को आसमान में हल्के बाद छाए रहेंगे। वहीं, 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। इससे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। जबकि शुक्रवार को हल्की बारिश होने का मौसम विभाग का अनुमान है।
दिल्ली के सबसे गरम इलाके
पालम : 47.2 डिग्री सेल्सियस
आया नगर : 46.7 डिग्री सेल्सियस
सफदरजंग : 45.9 डिग्री सेल्सियस
लोदी रोड : 45.1 डिग्री सेल्सियस