नई दिल्ली। सावन माह में लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन दिल्ली में उनके लिए बनाया गया विशेष कांवड़ मार्ग ही परेशानी का कारण बन गया है। बुधवार को रिमझिम बारिश के बाद अक्षरधाम के पास एनएच-9 पर कांवड़ियों के लिए बनाए गए रास्ते में कई जगह जलभराव हो गया, जिससे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालु अरुण ने बताया कि जलभराव से रास्ता साफ नहीं दिखता और कब पैर गड्ढे में चला जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। चोट लगने के साथ कांवड़ खंडित होने का डर भी बना रहता है। कांवड़िया राजू ने कहा कि गंदा पानी लगातार पैरों में लगने से त्वचा संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों से जल्द पानी निकालने की मांग की है। संवाद