दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में एक बार फिर पानी के मुद्दे पर राजनीति गरमा गई है। दिल्ली सरकार ने हरियाणा पर गंदा पानी सप्लाई करने का आरोप लगाया है। यह भी कहा कि दिल्ली चुनाव की घोषणा के साथ ही हरियाणा से आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बहुत बढ़ गई है। इसे सोची समझी राजनीति व साजिश करने का भी आरोप लगाया।
दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हरियाणा से आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बहुत बढ़ गई है, जिससे दिल्ली में 100 एमजीडी कम पानी का शोधन हो पा रहा है।
इस वजह से कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। हरियाणा में भाजपा सरकार है और चुनाव के दौरान गड़बड़ पानी की सप्लाई राजनीतिक साजिश की ओर इशारा करता है।
मोहनिया ने यह भी कहा कि दिल्ली में चुनाव होने वाले हैं, इसीलिए भाजपा षड्यंत्र के तहत दिल्ली की इमानदार सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है। पिछले 3 दिन से दिल्ली में पानी की समस्या दोबारा से शुरू हो गई है, क्योंकि भाजपा शासित हरियाणा प्रदेश से जो दिल्ली को पानी आता है, उसमें अमोनिया की मात्रा अधिक है।
8 जनवरी को 1.2 पीपीएम, 9 जनवरी को 1.8 पीपीएम और 10 जनवरी को 2.7 पीपीएम अमोनिया की मात्रा पाई गई। इस वजह से 100 एमजीडी कम पानी का शोधन हुआ।