फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के सेक्टर-64 स्थित एक प्लॉट में अज्ञात लोगों ने सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने शराब की बोतल और खाली ग्लास बरामद किए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा है।
मूलरूप से राजस्थान के डीग भरतपुर निवासी 35 वर्षीय मोनी तिगांव रोड पर स्थित सीमेंट के पाइप बनाने वाली एक कंपनी में काम कर रहा था। अन्य दिनों की तरह शनिवार को भी वह अपने काम के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर लौट कर नहीं आया। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
सुबह सेक्टर-64 के पास स्थित एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। वहां से गुजर रहे मजदूरों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद मामले की जानकारी तिगांव पुलिस को दी गई। तिगांव थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शव को देखने से लग रहा है कि किसी तेज धारदार हथियार से युवक के सिर पर वार किया गया है। मौके पर शराब की खाली बोतल और ग्लास पड़े हुए थे।