नई दिल्ली। अपराध शाखा ने पैसे नहीं देने पर फायरिंग करने वाले वांछित बदमाश को पकड़ा है। आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी प्रीतम उर्फ राहुल उर्फ जॉनी के रूप में हुई है। शुक्रवार को आरोपी प्रीतम को प्रेस एन्क्लेव रोड मालवीय नगर से गिरफ्तार किया गया। इसके खिलाफ आनंद पर्वत थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त-5 आदित्य गौतम ने बताया कि आरोपी प्रीतम ने साथी शानू के साथ मिलकर बलजीत नगर स्थित एक किराना दुकान के मालिक से 26 जुलाई को पैसे की मांग की थी। दुकानदार ने उनकी बात मानने से इन्कार कर दिया तो दोनों आरोपियों ने नकदी लूटने का प्रयास किया। इसके बाद दुकान परिसर में चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली शिकायतकर्ता की जांघ पर लगी और उसे चोटें आईं। इसके बाद आरोपी भाग गए थे। जांच के दौरान आरोपी शानू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि प्रीतम पहुंच से बाहर था। ब्यूरो