गुरुग्राम जिले में करवाए गए विकास कार्यों की पोल बारिश में खुलने लगी है। तीन महीने पहले शुरू हुए एमजी रोड अंडरपास की 39 मीटर दीवार शुक्रवार देर रात आगे की ओर करीब 6 इंच झुक गई।
वहीं, दूसरी दीवार में दरार आ गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने अंडरपास को बंद कर दिया। हालांकि मरम्मत के बाद शनिवार शाम को इसे खोल दिया गया।
अंडरपास की दीवार को और अधिक झुकने से रोकने के लिए लोहे की प्लेट लगाई गई है। इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक अशोक शर्मा ने चुप्पी साध ली है।
वहीं, जिला उपायुक्त अमित खत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन की ओर से एमजी रोड जाने वाले वाहनों के लिए एनएचएआई ने करीब तीन महीने पूर्व अंडरपास का निर्माण किया था। शुक्रवार को शहर में हुई बारिश से एमजी रोड अंडरपास के बगल में जमीन भी धंस गई। दीवारों से पानी रिस रहा है।